लंबी (मुक्तसर)। मंडी किल्लियांवाली में बेघरों के लिए नवनिर्मित कालोनी में बनाए गए मकानों की अलाटमेंट में पक्षपात से गुस्साए लोगों ने बुधवार को बीडीपीओ दफ्तर समक्ष धरना दिया। पंजाब खेत मजदूर यूनियन ब्लॉक लंबी और नौजवान भारत सभा के नेतृत्व में दिए इस धरने के दौरान जरुरतमंद लाभार्थियों ने पक्षपात के विरोध में प्रशासन के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। रोष धरने को संबोधित करते हुए खेत मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सुक्खा सिंह तथा सभा के नेता फकीर चंद ने बताया कि मंडी किल्लियांवाली में बेघरों को मकान अलाट कराने के उद्देश्य से नव निर्मित कालोनी तैयार की गई है, जिसमें 144 कमरे बनाए गए हैं, लेकिन अलाटमेंट में पक्षपात किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंचों और पंचों के चहेतों को तो मकान दे दिए गए और जरूरतमंद लाभार्थियों को मकान नहीं दिए गए। यही वजह है कि कई जरूरतमंद इस समय सड़क किनारे डेरा डालने को विवश हैं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि जरूरतमंदों को शीघ्र ही मकान न दिए गए तो संघर्ष और तेज किया जाएगा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बीडीपीओ जसमेल सिंह बंगी को मांगपत्र भी सौंपा। इस मौके पर गुरमेल कौर, प्रितपाल, संजू, कृष्णा रानी, गाजी, संदीप, मंदर सिंह, चरनजीत कौर समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।