लुधियाना। काउंटर इंटेलिजेंस विभाग में तैनात एआईजी एसएस मंड और उनके एनआरआई दोस्त परमजीत सिंह के साथ मारपीट के तीनों आरोपियों से पुलिस ने शुक्रवार को कड़ी पूछताछ की। पुलिस आरोपियों को लेकर उनके विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी गई। इस दौरान पुलिस ने एनआरआई परमजीत सिंह से छीना मोबाइल फोन आरोपी अमन से बरामद कर लिया। इसके अलावा सन्नी जौहर से एक तीस बोर का पिस्टल और सात जिंदा कारतूस कब्जे में लिए गए हैं। इसकी पुष्टि एडीसीपी जोगिंदर सिंह ने की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों आरोपियों के कब्जे से उनके चार-पांच लाइसेंसी हथियार भी कब्जे में लिए गए हैं, इनके दस्तावेजों के बारे में जांच की जा रही है।
24 दिसंबर की रात को घुमार मंडी स्थित होटल हब में एनआरआई परमजीत सिंह का होटल स्टाफ से विवाद हो गया। इसमें होटल के मालिक सन्नी जौहर के अलावा बाउंसर समेत कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। बीच बचाव में आए एआईजी मंड भी इस हमले में जख्मी हो गए। इसके बाद पुलिस ने एनआरआई परमजीत की शिकायत पर पुलिस ने सन्नी, अमन और ऋषि बांडा के अलावा चार-पांच अज्ञात बाउंसरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने तीनों प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार करके रिमांड पर ले लिया। पुलिस अज्ञात बाउंसरों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि इस केस के बाकी आरोपियाें को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।