लुधियाना। शाहकोट के पास गांव मलसियां में एक्सीडेंट के बाद लुधियाना रेलवे स्टेशन पर सुबह 11.30 पर अचानक साढे़ चार इमरजेंसी हूटर बजने से हड़कंप मच गया। हूटर की आवाज से अधिकारी हरकत में आए तो वहीं यात्री भी भयभीत हो गए। वहीं हूटर के बाद एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) को भी घटना स्थल की तरफ रवाना कर दिया गया।
बुधवार सुबह रेलवे स्टेशन पर अचानक 11.30 पर पांच मिनट में साढे़ चार हूटर बजे। इसके बाद रेलवे स्टेशन पर विभिन्न आफिसर इधर-उधर भाग कर एआरटी को रवानगी में लग गए तो वहीं यात्रियों में हड़कंप मच गया। उनको समझ नहीं आ रहा था कि यह क्या हो रहा है। बीस मिनट बाद स्टेशन से एआरटी को रवाना कर दिया गया। कोई रेलवे स्टेशन पर बम मिलने के कयास लगाने लगा, लेकिन अधिकारियों ने यात्रियों को समझाया कि ट्रेन एक्सीडेंट है, इसलिए इमरजेंसी में अधिकारियों को सूचित करने के लिए हूटर बजे हैं। स्टेशन सुपरिंटेंडेंट रविंदर शर्मा ने बताया कि साढे़ चार हूटर बजे। जिसके बाद रिलीफ ट्रेन को डाक्टर की टीम के साथ मौके के लिए रवाना कर दिया गया। एआरटी में छोटा अस्पताल है, जो मौके पर घायलों का ट्रीटमेंट हो सके। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त पांच ऐंबुलेंस को भी सड़क के रास्ते मौके पर रवाना किया गया।