मोगा। सबसे छोटी उम्र के मतवाले शहीद करतार सिंह सराभा के शहीदी दिवस पर शनिवार को टाउन हाल स्टेडियम में सर्व भारत नौजवान सभा, आल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन एवं मनरेगा रोजगार प्राप्त मजदूर यूनियन की ओर से संयुक्त तौर पर विशाल कन्वेंशन का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए।
सीपीआई नेता एवं रोजगार प्राप्ति मुहिम के मुख्य सलाहकार कामरेड जगरूप ने कन्वेंशन को संबोधित करते कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में सबसे छोटी उम्र के मतवाले शहीद करतार सिंह सराभा ने बराबरी और सामाजिक न्याय वाला समाज निर्माण करने के लिए अपनी जान कुर्बान की, लेकिन अफसोस है कि सराभा की शहादत के 97 साल बीत जाने के बाद भी भारत विदेशी हाकमों की लूट और बेइंसाफी से आजाद नहीं हो सका। अन्न से तरसते गरीबों की गिनती भारत में जहां 90 करोड़ से ऊपर आ चुकी है। वहीं इन गरीबों के हाथ 20 रुपये की दिहाड़ी नहीं पड़ रही। घोर निराशा में घिरी जवानी को मौत के सौदागर नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों का शिकार बना रहे हैं। मौजूदा हाकमों ने सेहत, शिक्षा, साफ पीने वाला पानी जैसी बुनियादी सहूलियतों को भी विदेशी कंपनियों आगे बेचकर आम लोगों से छीन लिया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा की दिहाड़ी 350 रुपये व साल में 200 दिन काम मिलना चाहिए।
सर्व भारत नौजवान सभा के पूर्व कुलहिंद प्रधान प्रिथी पाल सिंह माड़ीमेगा ने कहा कि आज का यह महान एकत्रित गदर पार्टी की शताब्दी 2013 को इंकलाबी सलाम पेश करता है। एआईएसएफ के राष्ट्रीय प्रधान परमजीत सिंह ढाबा ने कहा कि करतार सिंह सराभा भारत में बराबरी वाला समाज स्थापित करने के लिए गदर लहर में शामिल हुए।
सर्व भारत नौजवान सभा के प्रदेश प्रधान कश्मीर सिंह गदाइयां ने कहा कि प्रत्येक ब्लाक स्तर पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह भवन निर्माण किए जाएं। उनकी मांग है कि शहीद मदन लाल ढींगरा के घर वाली जगह पर राष्ट्रीय यादगार बनाई जाए। समारोह को पत्रकार नरेन्द्र कौर सोहल, आल इंडिया आशा वर्कर्स यूनियन एटक पंजाब की प्रधान अमरजीत कौर रण सिंह वाला, भारत नौजवान सभा पंजाब के महासचिव कुलदीप सिंह भोला, एआईएसएफ पंजाब के सचिवन सुखजिंदर सिंह महेशरी, पंजाब गवर्नमेंट ट्रांसपोर्ट वर्कर्ज यूनियन के प्रधान गुरदेव सिंह, सचिव जगदीश सिंह चाहल, बिजली बोर्ड यूनियन के प्रधान सतनाम सिंह, सचिव सुखदेव शर्मा, मनरेगा रोजगार प्राप्त मजदूर यूनियन एटक के प्रधान शेर सिंह दौलतपुरा, आंगनवाड़ी वर्कर यूनियन एटक की प्रधान सरोज रानी, मंजू बाला आदि ने भी संबोधित किया। इस दौरान लोक कला मंच चक्कर छपरी वाला (फाजिल्का) के प्रमुख छिंदर पाल की अगुवाई में विभिन्न मुद्दों पर नाटक का मंचन किया गया।