मुक्तसर। कोटकपूरा रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में सोमवार को डा. बलराज सेतिया यादगारी भाषण मुकाबले और वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य मेहमान पंजाब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर आरसी सोबती ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर हौसला अफजाई की। इस दौरान हुए भाषण मुकाबले में क्षेत्र के 20 स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस मुकाबले में डीएवी स्कूल की नमृता ने पहला, माता गुजरी पब्लिक स्कूल की रिधिमा ने दूसरा और गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल मराड़कला के मनप्रीत ने तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। इसी तरह डीएवी पब्लिक स्कूल मलोट के शुभम व बाबा फरीद पब्लिक स्कूल फरीदकोट की सुमनदीप कौर को सांत्वना मिला। निर्णायकों की भूमिका प्रिंसिपल परमजीत सिंह, रणजीत कुमार और प्रो. आरडी बांसल ने निभाई। इस मौके पर शानदार सांस्कृतिक प्रोग्राम भी पेश किया गया। जिसका आगाज गायत्री मंत्र से हुआ। इस दौरान पंजाबी अध्यापिका गगनदीप शर्मा द्वारा लिखित व निर्देशित किया गया लघु नाटक ‘इह जो धी जम पई है’ बेहद सराहनीय रहा। कार्यक्रम के दूसरे सेशन में मुख्य मेहमान के तौर पर पहुंचे शिअद के जिला अध्यक्ष मनजीत सिंह बरकंदी ने न सिर्फ स्कूल को दो लाख रुपये देने की घोषणा की बल्कि जल्द ही स्कूल तक सीवरेज सिस्टम की पाइपें डलवाने का भरोसा दिया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षा, सांस्कृतिक एवं खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रिंसिपल एलबी सुबा ने सभी मेहमानों का आभार जताया।