प्रथम कांचो होदुकी आशीहारा कराटे मेमोरियल कप में पंजाब को तीसरा स्थान
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना,
शहर के कराटे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने हरिद्वार, उत्तराखंड में आयोजित दो दिवसीय प्रथम कांचो होदुकी आशीहारा कराटे मेमोरियल कप में हिस्सा लिया। इसमें प्रदेश से करीब 60 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर कुल 57 मेडल जीते।
आशीहारा कराटे फेडरेशन इंडिया के शिहान पंकज कुमार साहनी ने बताया कि प्रतियोगिता में पंजाब के खिलाड़ियों ने 24 सोने के पदक, 13 रजत पदक और 20 कांस्य पदक जीते। इसकी बदौलत पंजाब के खिलाड़ियों ने ओवरऑल तीसरी पोजीशन प्राप्त की। सफलता पर फेडरेशन प्रधान केवल चंद्र गर्ग, चेयरमैन विजय कुमार अग्निहोत्री ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और जीतकर लौटने पर उनका स्वागत किया।
कोच शिहान पंकज कुमार साहनी ने बताया कि चैंपियनशिप में देश भर से करीब 750 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ उनके अभिभावकों को भी खिलाड़ियों की कामयाबी पर बधाई दी गई। मौके पर कोच अशोक राव के साथ लुधियाना से खिलाड़ी गुरसिमरन सिंह, मनप्रियाम सिंह, गगनप्रीत सिंह, सिमरप्रीत कौर, रसमीत कौर, रवनीत कौर, वोविन चिंदोके, रीना कुमारी, अकांशा मिश्रा, कार्तिक पटियाल, अराध्या सूद मौजूद थे।