दोस्ती छोड़ बरगाड़ी कांड के आरोपियों पर कार्रवाई करें कैप्टन : भोला
आप ने फूंका बादल परिवार का पुतला, सरकार से कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बरगाड़ी और बहिबल कलां हत्याकांड में जस्टिस रंजीत सिंह की रिपोर्ट का खुलासा होने के बाद जहां प्रदेश में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग चल रही है वहीं आम आदमी पार्टी ने भी शुक्रवार को रिपोर्ट के आधार पर आरोपी बनाए गएलोगों पर कार्रवाई की मांग की है। आप की तरफ से जिला प्रधान दलजीत सिंह गरेवाल भोला की अगुवाई में डीसी दफ्तर के बाहर बादल परिवार का पुतला फूंका गया और नारेबाजी कर उन पर कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद आप की तरफ से जिलाधीश को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी दिया गया।
आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान दलजीत सिंह गरेवाल भोला ने बताया कि बादल सरकार के समय में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र अंगों की बेअदबी की गई। जस्टिस रंजीत सिंह की रिपोर्ट के बाद जो भी इस मामले में दोषी है उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। भोला ने कहा कि बरगाड़ी कांड और बहिबल कलां हत्याकांड की सारी जिम्मेदारी पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैणी की थी। लेकिन जस्टिस रंजीत सिंह की रिपोर्ट में इनका कोई जिक्र नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार दोस्ती छोड़ कर इन तीनों के खिलाफ कार्रवाई करे। भोला ने कहा कि इस मामले में लोगों की भावनाए जुड़ी हुई है। इसकारण सरकार को आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कर सजा दे देनी चाहिए।