ट्रक ड्राइवर ने की खुदकुशी
यूनियन अध्यक्ष को ठहराया जिम्मेदार, मामला दर्ज
एक ट्रक चोरी के मामले में आरोपी था ड्राइवर
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। एक ट्रक ड्राइवर ने जहरीली वस्तु निगलकर खुदकुशी कर ली और अपनी मौत के लिए उसने ट्रक यूनियन के अध्यक्ष को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने ट्रक यूनियन के अध्यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं ट्रक यूनियन के अध्यक्ष हरजीत सिंह ने खुद पर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि 28 जुलाई को एक ट्रक की चोरी के मामले में ड्राइवर पप्पू आरोपी था। इसी डर के मारे उसने आत्महत्या की है।
बडरूखां पुलिस चौकी की प्रभारी पुष्पिंदर कौर ने बताया कि गांव बडरूखां निवासी पप्पू ने कोई जहरीली वस्तु खा ली और वह बरनाला रोड ओवरब्रिज पर गिर गया। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि जहर खाने से पहले पप्पू ने अपनी बेटी को फोन करके कहा कि उसे ट्रक यूनियन का अध्यक्ष परेशान कर रहा है और उसे जान से मारने की धमकियां दे रहा है, जिससे परेशान होकर उसने जहरीली वस्तु खा ली और उसकी मौत के लिए ट्रक यूनियन का अध्यक्ष जिम्मेदार है। पुलिस ने उसकी बेटी के बयान के आधार पर ट्रक यूनियन के अध्यक्ष हरजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ट्रक यूनियन के अध्यक्ष हरजीत सिंह ने अपने पर लगे आरोपों को झूठे और बेबुनियाद बताया और कहा कि 17 जुलाई को यूनियन से एक ट्रक चोरी हो गया था। उस ट्रक पर पप्पू ड्राइवर था। 28 जुलाई को चोरी संबंधी थाना सिटी-1 में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। जांच के दौरान पता चला कि पप्पू ने ही ट्रक को खनौरी में एक लाख पैंतालीस हजार में बेचा था और इसी डर के मारे उसने आत्महत्या की है।
फोटो:03एसजीआरपी02:ट्रक ड्राइवर पप्पू की फाइल फोटो।
------------------
जसवीर सिंह भट्टी