श्रद्धालुओं की महिंद्रा पलटी, बीस घायल
सामने कुत्ता आने के कारण गाड़ी हो गई बेकाबू, सभी यात्री राजस्थान के भरतपुर के
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
शेरपुर चौक के नजदीक कैंसर अस्पताल चौक में शनिवार की सुबह माता श्री वैष्णो देवी से माथा टेक कर लौट रहे श्रद्धालुओं की महिंद्रा गाड़ी पलट गई। हादसे में बीस श्रद्धालु घायल हो गए। हादसा अचानक गाड़ी के सामने आए कुत्ते को बचाने में हुआ। घायलों के चीख पुकार सुन कर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रुम को दी। सूचना मिलने के बाद पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। सभी राजस्थान के जिला भरतपुर स्थित गांव कुमार बास के रहने वाले है।
महिंद्रा गाड़ी के ड्राइवर फूल सिंह ने बताया कि सभी एक ही गांव के लोग है। कुछ दिन पहले पीछे से ओपन महिंद्रा गाड़ी में बैठ कर माता वैष्णो देवी की यात्रा पर गए थे। वहां से वह वापस गांव जा रहे थे। सुबह साढ़े चार बजे के करीब कैंसर अस्पताल के पास सड़क के बीचों बीच कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के चक्कर में गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर चढ़ने के बाद पलट गई। गाड़ी पलटते ही सभी यात्री बाहर गिर पड़े। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बूढ़े भी शामिल थे। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घटनास्थल पर एंबुलेंस पहुंच गई। एंबुलेंस ने सभी घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे में यह लोग हुए घायल
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान राधे श्याम (22), प्रेम कुमारी (20), फूलवती (42), रामवती (65), गोल्डी (26), हेमलता (25), मांगे लाल (30), सोमवती (65), फूल सिंह (46), लालू राम (66), केसर (70), रजनी (35), राकेश कुमार (25), अमन (6), नीतिन (8), कुनाल (8), प्रदीप (12), गोपी राम (37), प्रतीक (54), सुरेश (27) के रूप में हुई है।