बच्चियों से गैंगरेप पर सियासत नापाक हरकत : शाही इमाम
कहा, उन्नाव और कठुआ गैंगरेप के बाद मोमबत्तियां जलाने वाले क्यों खामोश
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने यूपी के उन्नाव और कश्मीर के कठुआ में मासूम बच्चियों के साथ हुए गैंगरेप पर की जा रही सियासत को नापाक हरकत बताया। शुक्रवार को शाही इमाम ने कहा कि यह शर्म की बात है कि अब पीड़ितों को धर्म और जाति के आधार पर देखा जा रहा है।
शाही इमाम ने कहा कि देश में हुए ये दो बड़े कांड सियासत की भेंट चढ़ गए हैं और अब कोई लीडर मोमबत्तियां लेकर बाहर क्यों नहीं आया। उन्होंने कहा कि यह दुख की बात है कि फ्रांस में मारे गए लोगों के लिए तो पूरे देश में कैंडल मार्च निकाले जाते हैं और अपने ही देश में सरकारी गुंडों के अत्याचार से पीड़ित बेटियों के लिए खामोशी नजर आ रही है। मौलाना हबीब उर रहमान ने कहा कि उन्नाव के विधायक हों या कठुआ के पुलिस अधिकारी अत्याचार करने वालों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
शाही इमाम ने कहा कि देश में धर्म के नाम पर किसी को फंसाने और किसी बचाने का चल रहा सियासी खेल निंदनीय है। उन्होंने कहा कि बेटी किसी की भी हो उसका सम्मान होना चाहिए। एक प्रश्न का उत्तर देते हुए मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा कि पीड़ितों को इंसाफ दिलवाना अदालतों के साथ-साथ राज्य सरकारों का काम हैं। सरकारें अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही हैं। यही वजह है कि आए दिन देश में ऐसे नापाक कांड हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनेताओं को चाहिए कि देश में बेटियों की सुरक्षा के लिए ठोस कानून बनाए।