नार्वे के एंबेसडर ने देखा ग्रामीण परिवेश
ग्रामीणों से खेती, पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य व सूचना टेक्नालाजी बारे की बातचीत
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर।
देश के कई राज्यों में आर्थिक, सियासी और सामाजिक स्थितियों की जानकारी के लिए दौरे पर आए नार्वे के एंबेसडर निलस रिगनार कमसवेग ने सोमवार को संगरूर के कई गांवों का दौरा किया। हलका विधायक विजयइंद्र सिंगला के साथ उन्होंने गांवों के लोगों से किसानी, पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि मुद्दों पर विचारविमर्श किया।
कमसवेग ने बताया कि वह स्वास्थ्य, शिक्षा और सूचना टेक्नालाजी के क्षेत्रों में जानकारी हासिल कर रहे हैं और यहां के लोगों से विचार साझे करके निकट भविष्य में किसी अहम प्रोजेक्ट को शुरू करने बारे भी संभावनाएं पैदा हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय छात्रों को नार्वें में शिक्षा के लिए अच्छा माहौल मुहैया कराया जा रहा है और वह अपने इस दौरे दौरान किसानों, छात्रों और नौजवान वर्ग की दिलचस्पी व रुझान बारे जानकारी हासिल कर रहे हैं। उन्होंने लोगों के सवालों के जवाब दिए। हलका विधायक विजयइंद्र सिंगला ने उन्हें हलके की प्राप्तियों और राज्य सरकार की ओर से लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर सेक्रेटरी फरेंड डरेंगट, एडीसी राजिंदर सिंह बत्रा मौजूद थे।
पंजाबी सभ्याचार में रंगे नजर आए कमसवेग
संगरूर। भवानीगढ़ क्षेत्र के गांवों में दौरा करने पहुंचे नार्वे के अंबेसडर निलस रिगनार कमसवेग पंजाबी सभ्याचार के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने अपने सिर पर पगड़ी सजाई थी। गांव भट्टीवाल में ग्रामीणों की ओर से आयोजित पंजाबी सभ्याचार कार्यक्रम देखकर वह काफी प्रभावित हुए। कमसवेग ने कहा कि पंजाब के गांवों के लोग बहुत मेहनती और हिम्मत से भरे हैं, और अपनी मेहनत से पूरी दुनिया में अपना लोहा मनवाया है।