संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय से डेवलपमेंट कमिश्नर कार्यालय ने अहमदाबाद के जीएमडीसी मेराकी हॉल में 5 और 6 जनवरी 2023 को होने वाले गुजरात साइकिल एक्सपो में भाग लेने के लिए 60 एमएसएमई के लिए 1.5 लाख प्रति स्टॉल तक की वित्तीय सहायता राशि (खरीद और बाजार सहायता योजना के तहत) स्वीकृत की है। एमएसएमई विकास संस्थान लुधियाना के निदेशक वरिंदर कुमार शर्मा के साथ सहायक निदेशक वजीर सिंह और दीपक चेची ने उद्योगपतियों के नामी संगठन फीको के प्रधान गुरमीत सिंह कुलार को सहायता राशि संबंधी स्वीकृति पत्र सौंपा है।
उल्लेखनीय है कि गुजरात साइकिल एक्सपो को फीको की ओर से समर्थित किया जा रहा है, जबकि इसका आयोजन इन्फोटेक रिसोर्सेज मुंबई की तरफ से किया जाना है। यह प्रदर्शनी साइकिल उद्योग का एक प्रमुख कार्यक्रम होने जा रही है, जहां गुजरात और महाराष्ट्र के 1500 से अधिक डीलर प्रदर्शनी का दौरा करेंगे। इस प्रदर्शनी में साइकिल और साइकिल पार्ट्स निर्माताओं के 60 स्टाल होंगे और यह एक बी-टू-बी इवेंट होगा, जो दूसरे राज्यों के साथ-साथ लुधियाना शहर की साइकिल पार्ट इंडस्ट्री को आकर्षित करेगा और एमएसएमई के लिए एक सुनहरा अवसर साबित होगा।
कैप्शन:10एलयूडी05पी01: उद्योगपतियों को स्वीकृति पत्र सौंपते एमएसएमई विकास संस्थान के अधिकारी।