धीमान को मनाने दिड़बा पहुंचे केवल ढिल्लो
अपनों की नाराजगी ढिल्लो पर पड़ सकती है भारी
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। लोकसभा हलका संगरूर से चुनाव मैदान में उतरे कांग्रेस प्रत्याशी केवल सिंह ढिल्लो को जहां अपने विरोधियों से टक्कर लेनी पड़ रही है, वहीं अपनी पार्टी के रूठे नेताओं को मनाने के लिए भी खासी मेहनत करनी पड़ रही है। रविवार देर शाम केवल सिंह ढिल्लों दिड़बा में विधायक सुरजीत सिंह धीमान को मनाने पहुंचे, किंतु वह धीमान परिवार को मनाने में कामयाब नहीं हो सके।
बता दें कि हलका अमरगढ़ से विधायक सुरजीत सिंह धीमान के भतीजे जसविंदर सिंह धीमान चुनाव में टिकट की मांग कर रहे थे किंतु पार्टी ने उन्हें टिकट न देकर केवल सिंह ढिल्लों को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतार दिया और उसी दिन से धीमान परिवार इसका विरोध कर रहा है। जसविंदर धीमान पार्टी पर आरोप लगा रहे हैं कि पार्टी ओबीसी वर्ग को नजरअंदाज कर रहा है। उनकी बिरादरी की संगरूर में डेढ लाख के करीब वोट है। उन्होंने ऐलान भी किया था कि यदि जरूरत पड़ी तो वह आजाद चुनाव भी लड़ेंगे। इसके चलते केवल ढिल्लों रविवार शाम दिड़बा में धीमान परिवार से मिलने पहुंचे। बंद कमरे में करीब आधा घंटा चली बैठक में ढिल्लों धीमान परिवार को मनाने में कामयाब नहीं हो पाए। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि सुरजीत सिंह धीमान उनके भाई हैं, इसलिए दोनों में किसी तरह की कोई नाराजगी नहीं है। वह दिड़बा में उनके साथ चाय साझी करनी आए थे। पार्टी में सुरजीत सिंह धीमान के साथ किसी तरह के मतभेद नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द सुरजीत सिंह धीमान और उनका भतीजा जसविंदर धीमान उनके चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे।