कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा में एएसआई समेत छह पुलिस कर्मी तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित प्राइवेट यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा को लेकर वीरवार को पंजाब पुलिस के एएसआई समेत पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा कश्मीरी छात्रों को बसों से उनके घरों तक पहुंचाने में समाजसेवी संस्था खालसा एड भी आ गई है।
थाना कैंट के प्रभारी एसआई नरिंदर कुमार शर्मा ने बताया कि उक्त प्राइवेट यूनिवर्सिटी में कश्मीर से कई छात्र पढ़ाई करने आए हुए हैं। उन्होंने बताया कि पुलवामा हमले के बाद कश्मीरी छात्रों के खिलाफ बने माहौल को लेकर पुलिस अधिकारियों ने उक्त यूनिवर्सिटी में कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर एक एएसआई समेत छह पुलिस कर्मियों को तैनात किया है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि छात्रों के साथ समाजसेवी संस्था खालसा एड के सदस्य भी आ गए हैं। छात्रों को आश्वासन किया है कि वह अपनी पढ़ाई बिना किसी डर से करें।