गायक परमीश वर्मा करेंगे प्रिथीपाल सिंह हॉकी स्टेडियम में परफार्म
ग्लोबल कबड्डी लीग का लुधियाना में 24 अक्तूबर को उद्घाटन समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। कबड्डी के खिलाड़ियों को प्लेटफार्म मुहैया कराने के मकसद से 14 अक्तूबर से पंजाब सरकार की तरफ से तंदुरुस्त मिशन पंजाब के तहत ग्लोबल कबड्डी लीग कराई जा रही है, जो जालंधर, लुधियाना, मोहाली में होगी। इसके लुधियाना में मुकाबले 24 से 29 अक्तूबर तक होंगे, जिसके उद्घाटन समारोह में गायक परमीश वर्मा दर्शकों का मनोरंजन करते दिखेंगे। लुधियाना में सभी मुकाबले पीएयू स्थित हॉकी स्टेडियम में कराए जाएंगे। इस बात की जानकारी बुधवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने दी, जिसके बाद उन्होंने पीएयू स्थित प्रिथीपाल सिंह हॉकी स्टेडियम का जायजा लिया। उनके साथ विधायक संजय तलवाड़, नगर-निगम लुधियाना मेयर बलकार सिंह संधू, डिप्टी कमिशनर प्रदीप कुमार अग्रवाल व अन्य उपस्थित रहे। रवनीत सिंह बिट्टू के मुताबिक हर दिन 2 मैच होंगे, जिनका आयोजन शाम 6 से 9 बजे तक होगा। उनके मुताबिक लीग में करीब 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें कैलीफोर्निया इगल (अमरीका), हरियाणा लायनज (हरियाणा), ब्लैक पैंथरज (फरिजनों-अमरीका), दिल्ली लायनज (भारत), मैपल लीफ कनाडा, पंजाब वॉरियर्ज(पंजाब) शामिल हैं।