रिंकल हत्याकांड : अदालत ने पुलिस को दी शव का पोस्टमार्टम कराने की मंजूरी
-अब पुलिस ने की पोस्टमार्टम कराने की तैयारी शुरू
-आरोपी सन्नी पांच दिन के ओर पुलिस रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। भाजपा समर्थक रिंकल खेड़ा की हत्या के मामले में शुक्रवार पुलिस को बड़ी राहत मिली है। पिछले आठ दिनों से रिंकल के शव के पोस्टमार्टम के लिए परिजनों से बात कर रही लुधियाना पुलिस को अदालत ने रिंकल के शव का पोस्टमार्टम कराने के आदेश जारी कर दिए है। पुलिस की तरफ से अदालत में एक आवेदन दाखिल किया गया था कि रिंकल के शव का पोस्टमार्टम कराने की इजाजत दी जाए। लेकिन पीड़ित वक्ष के वकील कुनाल वोहरा ने पोस्टमार्टम न कराए जाने की दलील दी। उन्होंने अदालत में कहा कि इस केस में मौजूदा सरकार पूरी तरह से मिली हुई है। हत्या के बाद जब आरोपी फरार हो गए थे तो परिजनों ने आरोपी सन्नी की गिरफ्तारी की मांग की थी, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आ रहा था। जब परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया था तो आरोपी सन्नी दो घंटे के अंदर ही पुलिस के सामने पेश हो गया था। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद अदालत ने पुलिस को रिंकल के शव का पोस्टमार्टम कराने की इजाजत दे दी। अब पुलिस उसके पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुट गई है।
उधर, महानगर की पुलिस ने शुक्रवार को कांग्रेसी पार्षद गुरदीप सिंह नीटू के बेटे सन्नी का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद दोबारा पेश किया। जहां पुलिस ने सन्नी का पुलिस रिमांड मांगते हुए बताया कि सन्नी ने पुलिस के समक्ष दिए गए अपने बयानों में यह कबूला है कि जिस मोबाइल से उसने कांट्रैक्ट किलर्स से संपर्क किया था, वो उसने अमृतसर में शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब के पास छिपाकर रखा है। इसके अलावा पुलिस ने कहा कि अभी अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाना बाकी है। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद अदालत ने आरोपी सन्नी को फिर से पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
क्या कहते है पुलिस अधिकारी
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अश्वनी कपूर ने बताया कि पुलिस की तरफ से आवेदन दाखिल किया गया था कि उसके शव का पोस्टमार्टम कराने की इजाजत दी जाए। जो अदालत ने मंजूर कर ली है। उन्होंने कहा कि अगर रिंकल के परिजन उसके शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए नहीं मानते है तो पुलिस किसी भी ऐसे व्यक्ति के दस्तखत करवा सकती है जो रिंकल को जानता हो। जिसके दस्तखत के बाद पुलिस पोस्टमार्टम करवा सकती है। उन्होंने यह नहीं बताया कि पोस्टमार्टम कब कराया जाएगा।