पैरा नेशनल चैंपियनशिप में गुरबीर ने जीता सोना व कांस्य
पंचकूला में हुआ था मुकाबला, अब पैरा नैशनल गेम्स के लिए करेंगे तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
पंचकूला में हुई पैरा नेशनल चैंपियनशिप में लुधियाना के दृष्टिहीन खिलाड़ी गुरबीर ने एथलेटिक्स में बेहतरीन प्रदर्शन कर दो पदक हासिल किए हैं। जबकि गुरबीर का लक्ष्य तीन पदक हासिल करना था। लेकिन वह दो पदक ही हासिल कर पाए और अपनी इस कामयाबी से बहुत खुश हैं। इस जीत का ताज वह अपने कोच संजीव शर्मा को देते हैं। एथलेटिक कोच संजीव शर्मा सोनू ने जानकारी दी कि हाल ही में पंचकूला में पैरा नैशनल चैंपियनशिप करवाई गई, जिसमें ने 400, 200 और 100 मीटर दौड़ में हिस्सा लेते हुए 400 मीटर रेस में सोने का पदक और 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। डेहलों से संबंधित गुरबीर सिंह और उनके कोच संजीव शर्मा सोनू को उक्त उपलब्धि के लिए नैशनल फैडरेशन ऑफ द ब्लाइंड पंजाब ब्रांच और भारत नेत्रहीन सेवक समाज की तरफ से सम्मानित किया गया। इस संबंधी गिल रोड़ पर एक समारोह करवाया गया था, जिसमें कांग्रेस कमेटी के सचिव जोगिंदर सिंह जंगी ने एनएफ.बी के गुरप्रीत सिंह चाहला, प्रधान विवेक मोंगा, महासचिव बलविंदर सिंह चाहल के साथ मिलकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उनके रनर विकास और सुनील बिंद को भी सम्मान मिला। इस मौके पर मास्टर सूरज धांधरा, कृष्ण सिंह, शिकंदर सिंह, दविंदर सिंह सेसोवाल, कांग्रेसी महिला आगू नीतू सलूजा, दलजीत सिंह सलूजा, कांग्रेसी आगू तरसेम सिंह, समाज सेविका नेहा मोंगा उपस्थित रहे।
संजीव ने कहा कि वह गुरबीर की इस कामयाबी से बहुत खुश हैं। गुरबीर ने दूसरे खिलाडिय़ों के लिए भी मिसाल बन रहे है। गुरबीर उक्त चैंपियनशिप में मैडल जीतने के बाद अब बैंगलूर में जून में होने वाली पैरा नैशनल गेम्ज में दमखम दिखाएंगे। मुकाबले में हिस्सा लेने के लिए गुरबीर अभी से तैयारी में जुट गए हैं। इससे पहले भी उन्होंने नैशनल पैरा-ओलंपिक एथलेटिक चैंपियनशिप में 100 मीटर और 200 मीटर रेस में तीसरा स्थान पाया था। जबकि गुरबीर को 2009 में सामाजिक सुरक्षा व स्त्री बाल विकास विभाग पंजाब द्वारा स्टेट अवार्ड प्रदान किया गया था।