अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
पुलिस बुलाने के लिए अब 100 की बजाय 112 नंबर डायल करना होगा। सोमवार को लुधियाना में इसका ट्रायल किया गया। डायल 112 प्रचलित होने पर कुछ माह बाद 100 नंबर को बंद कर दिया जाएगा।
दरअसल, विदेशों में चल रहे इमरजेंसी नंबर 911 की तर्ज पर पूरे देश में डायल 112 शुरू किया जा रहा है। नेशनल इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम (एनईआरएस) के तहत डायल 112 लांच किया जा रहा है। लांच से पहले सोशल मीडिया का सहारा लेकर लोगों तक इसकी पहुंच बनाई जा रही है। पुलिस लाइन स्थित पुलिस हेडर्क्वाटर में सोमवर को डॉयल 112 का ट्रायल शुरू कर दिया गया है लेकिन लोकप्रिय न होने के कारण अभी कोई कॉल नहीं आ रही है। एडीसीपी हेडक्वार्टर संदीप गर्ग का कहना है कि पंजाब के साथ पूरे देश में इमरजेंसी नंबर 112 शुरू हो रहा है। अभी सिर्फ ट्रायल शुरू हुआ है। इसके शुरू होने के बाद भी फिलहाल 100 नंबर बंद नहीं किया जाएगा। 112 की लोकप्रियता के बाद ही इसे बंद किया जाएगा।