दुगरी इलाके में हुआ था हादसा, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। दुगरी के फेज-2 स्थित महाराजा प्लाजो होटल के पास शनिवार रात एक सड़क हादसे में 72 वर्षीय बुजुर्ग तजिंदर सिंह की मौत हो गई। उन्हें एक बेकाबू तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी थी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तजिंदर सिंह के सिर में गंभीर चोट आई। इसके चलते उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर थाना दरेसी पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के भाई तरलोचन सिंह की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बाद में थाना दुगरी पुलिस ने शव परीक्षण के लिए भेजा। पुलिस आरोपी वाहन चालक का पता लगाने में जुटी है ताकि उसे गिरफ्तार किया जा सके।