पूर्व सैनिक बोले-पाक से हमदर्दी है तो वहां चले जाएं सिद्धू
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पुलवामा में शहीद हुए 40 सैनिकों पर निकायमंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के बयान पर पूर्व सैनिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सराभा नगर पार्क में पूर्व सैनिक पंजाब विंग उप प्रधान कैप्टन प्रीतम की अगुवाई में नवजोत सिद्धू के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। वहीं उनका बनाकर रोष प्रदर्शन किया। इस मौके पर पूर्व सैनिकों ने पंजाब सरकार से मांग की कि वह सिद्धू को तुरंत बाहर का रास्ता दिखाएं। अगर ऐसा नहीं होता है तो सूबे के सभी पूर्व सैनिक एकत्र होकर सिद्धू के घर का घेराव करेंगे। रिटायर्ड कैप्टन प्रीतम सिंह ने कहा कि आतंकवादियों ने निर्मम तरीके से सीआरपीएफ जवानों पर हमला किया और 40 जवान शहीद हो गए। इसके बावजूद सिद्धू कहते हैं कि कुछ लोगों के लिए पाकिस्तान को आतंकवादी देश नहीं कहा जा सकता है। उनका यह बयान शहीद सैनिक परिवार के जख्मों पर नमक छिड़ने जैसा है। क्या पाकिस्तान की शह के बिना कश्मीर में इतनी बढ़ी घटना को अंजाम देना संभव है। इस मौके पर सूबेदार मेजर अनूप सिंह, सार्जेंट जयदेव वर्मा, प्रीतम सिंह, हवलदार प्रीतपाल सिंह सहित सैनिकों के परिवार के सदस्य मौजूद थे।
सिद्धू के खिलाफ शहर में लगे पोस्टर
मंगलवार रात को निकायमंत्री नवजोत सिद्धू के खिलाफ शहर के ज्यादातर हिस्सों में पोस्टर वार छिड़ गई। उन्हें देशद्रोही बताते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में पोस्टर चस्पा किए गए हैं। बुधवार सुबह जैसे इस बात का पता चला तो आनन फानन निगम अफसरों ने इन्हें उतार दिया।