कांग्रेसियों का बूथों पर हमला, तोड़फोड़ की
मुलाजिमों के साथ की हाथापाई कर ले गए बैलेट पेपर
पुलिस ने प्रत्याशी सहित कई लोगों पर दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पंचायत चुनाव के बाद विजयी उम्मीदवार की घोषणा होने के बाद गांव कक्का में रविवार की रात को दोबारा गिनती कराने का बोल कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी ने अपने साथियों के साथ बूथों पर हमला कर दिया। आरोपी तोड़फोड़ कर बैलेट पेपर भी ले गए और मुलाजिमों के साथ भी हाथापाई की।
थाना मेहरबान की पुलिस ने चुनाव अधिकारी मनिंदर पाल सिंह खुराना की शिकायत पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार हंसराज, उसके बेटे मंजीत, अमनदीप सिंह, साहिल कुमार उर्फ मोनू, काला, राजिंदर कुमार, सुरिंदर कुमार, रींकू, अंकित कुमार, राजन कुमार, कुलदीप कुमार, बाबू राम, कंधू, अजायब सिंह और सौ के करीब अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पंचायत चुनाव में कांग्रेस समर्थित हंसराज के मुकाबले में अकाली दल समर्थक गुरविंदर सिंह खड़े थे। मतदान के बाद वोटों की गिनती हो रही थी।
मतगणना के बाद चुनाव अधिकारी ने अकाली उम्मीदवार गुरविंदर सिंह को विजयी घोषित कर दिया। इसी दौरान हंसराज ने विरोध कर दिया और कहां कि वह दोबारा गिनती करवाना चाहता है। वह अपने साथियों के साथ मिल कुछ समय में बताता है। इसी दौरान आरोपी हंसराज ने साथियों के साथ मिलकर बूथ नंबर 39 और 40 में हमला कर दिया। आरोपियों ने तोड़ फोड़ की और सारे बैलेट पेपर बिखेर दिए। जब मुलाजिमों ने रोका तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। थाना मेहरबान के एसएचओ इंस्पेक्टर दविंदर शर्मा ने बताया कि आरोपी अभी फरार है उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।