पाकिस्तान करतारपुर पहुंचते ही जारी करे वीजा: पंजोली
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सदस्य ने पाक सरकार से किया आग्रह
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सदस्य जत्थेदार करनैल सिंह पंजोली ने श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को लेकर करतारपुर रास्ता खोले जाने की हिमायत की है। साथ ही पाकिस्तान सरकार से आग्रह किया है कि हर सिख को पाकिस्तान के सभी गुरुधामों के दर्शनों के लिए सरहद पर पहुंचते ही वीजा देना चाहिए।
रविवार को जारी प्रेस बयान में जत्थेदार पंजोली ने कहा कि समूह खालसा पंथ दो पहर की अरदास में श्री ननकाना साहिब एवं अन्य गुरुधामों के दर्शन होने की विनती करता है, करतारपुर रास्ता उस अरदास की पूर्ति का ही प्रारंभिक कदम है। उन्होंने मांग की कि यह बात केवल गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शनों की नहीं है, पाकिस्तान स्थित सभी गुरुधामों के लिए नेपाल-भारत सरहद की तरह सुविधा होनी चाहिए, ताकि हर सिख जान से प्यारे गुरुधामों के दर्शन दीदार कर सके।
उन्होंने कहा कि सिख संगत दोनों मुल्कों के हाकिमों से आशा करती है कि दोनों देशों के रिश्तों में आते उतरा चढ़ाव कारण सिखों के धार्मिक जजबात नहीं कुचले जाने चाहिए, उन्होंने कहा कि भारत में बसते सिखों के लिए जैसे पाकिस्तान के गुरुधामों के दर्शनों की इच्छा रहती है वैसे ही पाकिस्तान में बसते सिखों के लिए भारत के सिख गुरुधाम प्यारे हैं।
पंजोली ने कहा कि वह व्यक्ति, संस्था और रुझान सिखों को स्वीकार नहीं, जो गुरुधामों के दर्शन करने के लिए रुकावट बने। उन्होंने भारत-पाकिस्तान के राजनैतिक, धार्मिक, सामाजिक नेताओं को आह्वान किया कि सिखों की भावनाओं का सत्कार करें। आखिर में उन्होंने उन सभी लोगों का धन्यवाद भी किया है, जिन्होंने करतारपुर रास्ते के लिए प्रयत्न किए।