मक्का, आलू, गन्ने से तैयार थैले लांच
सांसद ने वनस्पति थैलों का इस्तेमाल समय की जरूरत बताया
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मक्का, आलू और गन्ने के बाकी बचे छिलकों से तैयार वनस्पति थैले मंगलवार को सर्किट हाउस में लांच किए गए। लांच करने की रस्म लोकसभा सदस्य रवनीत सिंह बिट्टू ने निभाई। कार्यक्रम में प्लास्टिक थैले तैयार करने वाले निर्माता और व्यापारी उपस्थित रहे।
निर्माताओं और व्यापारियों के साथ बैठक करते हुए पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुख्य वातावरण इंजीनियर प्रदीप गुप्ता ने बताया कि नए वनस्पति थैले वातावरण के अनुकूल हैं। उन्होंने कहा कि वनस्पति थैला पूरी तरह वातावरण समर्थक और गुणवत्ता पक्ष से पुख्ता हैं और इनके प्रयोग से प्रदूषण को कम करने में सफलता मिलेगी। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय देश में सिर्फ 5 कंपनियां ऐसे वनस्पति थैले तैयार कर रही हैं। यह थैला मक्का, आलू और गन्ने के छिलकों से तैयार होते हैं। लोगों की इन लिफाफों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और केवल कुछ दिनों में ही इन लिफाफों का प्रयोग 10 -12 प्रतिशत तक पहुंच चुका है।
सांसदबिट्टू ने कहा कि पालीथीन के बजाए वनस्पति थैलों का प्रयोग करना समय की जरूरत है। प्रदेश सरकार ने पालीथीन लिफाफों के निर्माण, खरीद, बेचने और प्रयोग पर रोक लगाई है। उन्होंने लिफाफा निर्माता और व्यापारियों से अपील की कि वह वनस्पति लिफाफे तैयार करने शुरू करें। नगर निगम के कमिश्नर जसकिरण सिंह ने बताया पालीथीन लिफाफों का कारोबार करने वाले निर्माताओं के लगातार चालान जारी किए जा रहे हैं। मेयर बलकार सिंह संधू ने कहा कि वह शहर में वनस्पति थैलों के प्रयोग को यकीनी बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।