निकली भोले की बारात, देव और भूत-प्रेत साथ
रथ पर सवार भगवान शिव का हजारों भक्तों ने किया पलकें बिछाकर स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
बंगाली लाइटों की रोशनी से सजे बाजार, रंगोली से सजी महानगर की सड़कें, बैड बाजों की धुनों पर भजन र्कीतन करते हुए नाचती गाती भक्तों की टोलियां, कलशधारी महिलाएं, भूत प्रेतों का तांडव, देवी देवताओं के स्वरूप में सजे नन्हें बालक-बालिकाओ की रासलीला के परिदृश्य के अदभुत अलौकिक नजारा और फूलों से सुसज्जित रथ पर सोने व चांदी का मुकुट व हीरा जड़ित सेहरा सजा कर दूल्हे के रुप में विराजमान भगवान आशुतोष। मौका था महाशिवरात्रि महोत्सव कमेटी की ओर से शनिवार को निकाली गई शिव की बारात का।
गुरुदेव आनन्द अत्री और महंत दिनेश पुरी भक्तों सहित भगवान आशुतोष के रथ के सारथी बने। महामंडलेश्वर स्वामी वेद भारती ने महंत नारायण पुरी, स्वामी सुखपाल, बाबा कुलवंत भल्ला, योगी भास्कर नाथ, स्वामी शिवानंद, स्वामी जगत राम, स्वमी प्रकाशानंद, स्वामी विश्व भारती, महंत दिनेश पुरी, स्वामी राजिन्द्र गिरी, महंत कृष्ण बावा जी, महंत गौरव बावाी, बाबा मीना शाह की मौजूदगी में नारियल फोड़ कर शुभारंभ किया। श्रद्धालुओं ने बैंड बाजों, ढोल नगाड़ों और शहनाइयों की धुनों पर घंटाघर चौक व डिवीजन नबंर 3 चौक में क्रेन के माध्यम से छप्पन भोग अपने इष्टदेव को अर्पित किए।
रथयात्रा सिविल अस्पताल के समीप से आरंभ होकर नामधारी स्मारक, फील्ड गंज, शाहपुर रोड, ज्ञान स्थल मंदिर, सुभानी बिल्डिंग चौंक, ब्राउन रोड, लक्कड़ बाजार चौंक, रेखी सिनेमा रोड, जी टी रोड, घंटाघर चौक, वाजा कोठी चौंक के रास्ते देर रात प्राचीन संगला वाला शिवालय में संपन हुई। इस मौके पर विधायक सुरिंद्र डाबर , विधायक संजय तलवाड़, जिला भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र अरोड़ा, पूर्व डिप्टी मेयर आरडी शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लीना टपारिया, सनातन धर्म महोत्सव कमेटी से अश्वनी चोपड़ा, शिव वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष बिटटू गुंबर, पंजाब प्रदेश कांग्रेस सचिव अशोक पराशर पप्पी ने संतों व गणमान्य लोगों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। भजन गायक बलबीर मानक, अशोक पटाका और महिला संकीर्तन मंडल ने भोले बाबा का गुणगान किया ।सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संगठनों की तरफ से 300 से ज्यादा स्थलों पर भंडारे लगाए।