किसानों का विधायक की कोठी के सामने धरना
गन्ने की कीमतें बढ़ाने और किसानों के कर्ज माफ करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर।
भारतीय किसान यूनियन राजेवाल के नेतृत्व में किसानों ने हलका विधायक विजयइंद्र सिंगला की कोठी के सामने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। किसानों ने मांग की कि उनके कर्ज माफ किए जाएं और गन्ने की कीमतें बढ़ाने सहित अन्य मांगों को जल्द पूरा किया जाए।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर सिंह राजेवाल ने कहा कि राज्य सरकार को चुनाव के समय किसानों के साथ किए वादों को याद कराने और मांगें पूरी करवाने के लिए जल्द एक आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश का अन्नदाता सरकारों की नीतियां अच्छी न होने के कारण भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है। आर्थिक संकट में घिरा किसान खुदकुशी करने को मजबूर है। उन्होंने मांग की कि कैप्टन सरकार अपने वादे मुताबिक किसानों का कर्ज माफ करे। उन्होंने कहा कि गन्ने के भाव में नाममात्र की बढ़ोतरी करके सरकार किसानों के साथ भद्दा मजाक कर रही है।
यूनियन से मांग पत्र लेने पहुंचे विधायक विजयइंद्र सिंगला ने भरोसा दिया कि वह यूनियन की मांगें मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह तक पहुंचा देंगे। मौके पर यूनियन के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, लाभ सिंह, मलकीत सिंह, नरंजन सिंह, प्रीतम सिंह, रोही सिंह, गुरनाम सिंह, कश्मीर सिंह, जसवंत सिंह, प्रीतइंद्र सिंह मौजूद थे।
-------------
फोटो:09एसजीआरपी02 संगरूर में विधायक विजयइंद्र सिंगला को ज्ञापन देते हुए किसान नेता।
---------------------
जसवीर सिंह भट्टी