श्रीलंका और भारत की टीम आज होंगी आमने-सामने
लुधियाना। नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड ने क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इंडिया (सीएबीआई) के सहयोग से शनिवार को पीएयू क्रिकेट ग्राउंड में चौथे टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट मैच का आगाज होगा। इसमें श्रीलंका और भारत की टीमें आमने सामने होंगी। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में लुधियाना मेयर बलकार सिंह संधू, विधायक सिमरजीत सिंह बैंस, मुख्य प्रबंधक गुरप्रीत सिंह, जरखड़ अकादमी के जगरूप सिंह जरखड़, लुधियाना भलाई मंच के प्रधान कृष्ण गोपाल राजू, पूर्व पार्षद कपिल सोनू, अजय डंग, पंजाब प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रधान निर्मल सिंह कैड़ा, फेडरेशन के सचिव नवीन नेहलावत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके मुताबिक मैच का उद्घाटन एसजीपीसी के पूर्व प्रधान अवतार सिंह मक्कड़, एसजीपीसी धर्म प्रचार कमेटी दोआबा जोन के इंचार्ज व मुख्य सेवादार प्रितपाल सिंह और पूर्व विधायक मनप्रीत सिंह अयाली करेंगे। क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इंडिया के महासचिव जोहन डेविड इनडाला ने बताया कि 2 अक्तूबर से 27 अक्तूबर तक बायलेटरल और ट्रायंगलर सीरीज फॉर ब्लाइंड 2018 कराई जा रही है।
आईपीएल की तर्ज पर कराएंगे भारत क्रिकेट लीग
महासचिव जोहन डेविड इनडाला के मुताबिक अगले साल मार्च में आईपीएल की तर्ज पर ब्लाइंड क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए भारत क्रिकेट लीग कराएंगे, जिसमें खिलाड़ियों की बोली लगाकर टीमें बनाकर मैच खेले जाएंगे। वहीं रणजी ट्रॉफी के जैसे ही क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इंडिया के फाउंडर प्रेसीडेंट एसपी नागेश की याद में नागेश ट्रॉफी की शुरुआत करेंगे, जिससे इंडियन टीम की सिलेक्शन की जाएगी।
इंडो-पाक मैच कराने की थी प्लानिंग, नहीं मिली परमिशन
भारत-पाकिस्तान के दरमियान मैच होने का इंतजार दोनों देशों के फैंस को हमेशा रहता है। भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट के खिलाड़ियों और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट के खिलाड़ियों को भी इसकी आस थी। हालांकि उन्होंने इंडो-पाक ब्लाइंड क्रिकेट सीरिज कराने की प्लानिंग थी। लेकिन सरकार की तरफ से मौजूदा हालात को देखते हुए उन्हें इसकी परमिशन नहीं मिली।