‘बरगाड़ी कांड में बादलों पर जल्द कार्रवाई हो’
आप विधायक बलजिंदर कौर ने कांग्रेस सरकार से की मांग
कहा, लोगों को मूर्ख बनाने के लिए एसआईटी का गठन किया
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। तलवंडी साबो से आम आदमी पार्टी की विधायक बलजिंदर कौर ने बुधवार को सूबे में हुए बरगाड़ी कांड को लेकर कैप्टन सरकार से पूर्व मुख्य मंत्री प्रकाश सिंह बादल और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। वह सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
आप विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब जस्टिस रणजीत कमीशन की रिपोर्ट को विधानसभा के जरिये देश विदेश के लोगों को बता ही दिया है तो अब कैप्टन सरकार एसआईटी बनाकर सूबे के लोगों को गुमराह क्यों कर रही है। उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार की नीयत में खोट है। आप विधायक से जब खैरा के तलवंडी साबो में रैली करने संबंधी पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर खैरा उनके क्षेत्र में आए हैं तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार बादलों को बचाने के लिए अब एसआईटी का बहाना बना रही है, जबकि जस्टिस रणजीत सिंह कमीशन की रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि बरगाडी गोली कांड किस के इशारे पर किया गया था। उन्होंने कहा कि अगर कैप्टन ने बादलों पर कार्रवाई करने की देरी की तो आप की तरफ से बड़ा संघर्ष किया जाएगा, ताकि पीडितों को इंसाफ दिलाया जा सके ।