सरकार ने केरल भेजी राहत सामग्री
खाद्य, सिविल सप्लाई एवं उपभोक्ता मामले संबंधी मंत्री ने रवाना की
संकट की घड़ी में पंजाब सरकार केरल के लोगों के साथ खड़ी: भारत भूषण
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
केरल में बाढ़ के कारण पैदा हुई दुखद स्थिति को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए खाद्य पदार्थों की एक खेप आज लुधियाना से रवाना की गई। इसमें खाद्य पदार्थों के एक लाख पैकेट भेजे गए हैं। इस खेप को आज पंजाब सरकार के खाद्य, सिविल सप्लाई एवं उपभोक्ता मामलों संबंधी कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु और लोकसभा सदस्य रवनीत सिंह बिट्टू ने स्थानीय गुरु नानक स्टेडियम से रवाना किया।
आशु और बिट्टू ने बताया कि आज रवाना की गई खेप में एक लाख पैकेट भेजे गए हैं। एक पैकेट में चीनी, चाय पत्ती, रस, बिस्कुट, सूखा दूध, पानी की बोतल शामिल हैं। यह राहत सामग्री तुरंत प्रभावित लोगों तक पहुंचाने को यकीनी बनाने के लिए हलवारा हवाई अड्डे से वायु मार्ग से भेजी गई है। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में पंजाब सरकार केरल सरकार और प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। आगामी दिनों के दौरान बाकी जिलों से भी ऐसी सामग्री भेजी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने पैदा हुई इस स्थिति में केरला और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता मुहैया करवाने का भरोसा देते हुए तत्काल तौर पर 10 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी करने का एलान किया था। इस अवसर पर विधायक सुरिंदर डाबर, संजय तलवाड़, मेयर बलवान सिंह संधू, डिप्टी कमिश्नर प्रदीप कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर खन्ना अजय सूद, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) इकबाल सिंह संधू, समस्त एसडीएम साहिबान, काउंसलर स. हरकरनदीप सिंह वैद्य उपस्थित थे।