सिटी सेंटर स्कैम में सैनी बनेंगे पार्टी या नहीं 27 को होगा फैसला
सरकार की तरफ से विजिलेंस ने दायर कर रखी है कैंसलेशन रिपोर्ट
पूर्व डीजीपी सैनी ने आवेदन कर उनका पक्ष सुनने की रखी थी मांग
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। सूबे के बहुचर्चित सिटी सेंटर स्कैम पर विजिलेंस द्वारा दायर कैंसलेशन रिपोर्ट के खिलाफ दायर पूर्व डीजीपी सुमेध सैनी की याचिका पर फैसला 27 फरवरी को आएगा। वीरवार जिला सेशन जज गुरवीर सिंह की अदालत ने आदेश को सुरक्षित रखते अगली तारीख 27 फरवरी निर्धारित की है। अब 27 फरवरी को फैसला होगा कि पूर्व डीजीपी सैनी मामले में पार्टी बन पाएंगे या नहीं।
बता दें कि सिटी सेंटर स्कैम को लेकर विजिलेंस ने सरकार की तरफ से कैंसलेशन रिपोर्ट फाइल की थी। इस दौरान पूर्व डीजीपी सैनी ने कैंसलेशन रिपोर्ट के खिलाफ उनका पक्ष सुनने का आवेदन अदालत के कर दिया। उनका कहना है कि इस केस के संबंध में उनके पास कई जानकारियां है। सैनी की याचिका पर पंजाब सरकार का कहना था कि वह सेवानिवृत्त हो चुके है। विजिलेंस केस की फाइल उनकी सहमति के साथ फाइल हुई है। इसलिए उनका इस केस से अब कोई लेना देना नहीं है। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद यह फैसला सुरक्षित कर रख लिया है। पूर्व डीजीपी वकील एडवोकेट रमन संधू के अनुसार उनकी तरफ से अदालत में कैंसलेंशन के खिलाफ अहम सबूत पेश किए गए है। अब 27 फरवरी को अदालत इस मामले पर अपना फैसला देगी।