सिख जत्थेबंदियों ने एनएच किया जाम
फिल्म नानक शाह फकीर का किया मुखर विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
देश भर में 13 अप्रैल को रिलीज की जा रही फिल्म नानक शाह फकीर का सिख जत्थेबंदियों की ओर से लगातार विरोध किया जा रहा है। सिखों का आरोप है कि फल्म उनकी भावनाएं आहत कर रही है। फिल्म के विरोध को लेकर सोमवार को कई सिख जत्थेबंदियों ने फिल्म पर रोक लगाने को लेकर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नाम मांग पत्र डिप्टी कमिश्नर दीप्रवा लाकरा को सौंपा ।
इस से पहले तख्त दमदमा साहिब के जत्थेदार बलवंत सिंह नंदगढ, युनाइटेड अकाली दल के गुरदीप सिंह, शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के जिलाध्यक्ष परमिंदर सिंह, दल खालसा के जिलाध्यक्ष सुरिंदर सिंह नथाना, पंथक सेवा लहर के भाई दलेर सिंह, एकनूर खालसा फौज के आगू भाई बलजीत सिंह गंगा की अगुवाई मे ंसर्किट हाउस से डिप्टी कमिश्नर कार्यालय तक पैदल रोष मार्च निकाला गया। डीसी कार्यालय के गेट पर पुलिस कर्मियों ने बंद कर दिया। इससे गुस्साए सिख जत्थेबंदियों के नेताओं ने बठिंडा-मानसा नेशनल हाईवे जाम कर दिया । थाना सिविल लाइन प्रभारी कुलदीप सिंह सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और सिख नेताओं को डिप्टी कमिश्नर के साथ बैठक करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया ।
सिख नेताओं ने सूबे के मुख्यमंत्री से मांग की कि बठिंडा के डिप्टी कमिश्नर दीप्रवा लाकरा को तुरंत बदला जाए। उन्होंने कहा कि उक्त फिल्म सिखों की भावनाओं को आहत करती है। फिल्म के खिलाफ देश विदेश के सिखों में रोष पाया जा रहा है। सिख नेताओं ने मांग की कि फिल्म को रिलीज न होने दिया जाए । इस के अलावा फिल्म के कलाकारों पर मामला दर्ज कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए ।