निजी कंपनी के गोदाम में लगी आग
कई शहरों से मंगवाई फायर गाड़ियां पड़ीं कम
15-20 लोगों ने बचाई भागकर जान
अमर उजाला ब्यूरो
चुन्नी/फतेहगढ़ साहिब।
फतेहगढ़ साहिब के कस्बा चुन्नी कलां के गांव सरकपड़ा स्थित एक प्राइवेट कंपनी के गोदाम में वीरवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि नियंत्रण करना मुश्किल हो गया। कई शहरों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगवाई गईं लेकिन आग बुझाने में नाकाम रहीं।
गोदाम के मालिक भगवंत सिंह ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट है। आग लगने से गोदाम के अंदर पड़ा उनका लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंचे सहायक थानेदार नरिंदर सिंह ने बताया कि जैसे ही गोदाम में आग की सूचना मिली तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगवाई गईं। पटियाला, सरहिंद, राजपुरा, बनूड़ और मंडी गोबिंदगढ़ से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगवाई गई लेकिन वह कम पड़ गईं। गोदाम में काम कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि जिस समय आग लगी गोदाम के अंदर 15 - 20 मुलाजिम काम कर रहे थे। उन्होंने भाग कर अपनी जान बचाई। खबर लिखने तक आग लगी हुई थी और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मशक्कत कर रही थीं।
फोटो कैप्शन:03जीबीजीपी02: फतेहगढ़ साहिब के गांव सरकपड़ा में एक निजी कंपनी के गोदाम में लगी आग से निकलता हुआ धुंआं।
फोटो कैप्शन:03जीबीजीपी02ए: आग लगने के बाद गोदाम का बाहरी दृष्य।
फोटो कैप्शन:03जीबीजीपी02बी: आग बुझाते हुए फायरकर्मी।