डीसी ने अपनी बेटी को लगवाया टीका
लुधियाना में पहले दिन 29594 बच्चों का टीकाकरण
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
मीजल रुबेला टीकाकरण के बारे सोशल मीडिया पर गुमराह झूठे प्रचार को दर किनारा करते लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर प्रदीप कुमार अग्रवाल ने सेहत विभाग की टीम को बुलाकर अपनी बेटी का टीकाकरण करवाया। साथही आम लोगों को इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
मुहिम के पहले दिन जिले में 201 टीमों ने कुल 29594 बच्चों का टीकाकरण किया। इस मुहिम के बारे में कुछ शरारती तत्वों की ओर से सोशल मीडियां के जरिए गुमराह प्रचार किया गया ताकि यह मुहिम सफल न हो सके। लोगों का भ्रम दूर करने के लिए डीसी प्रदीप कुमार अग्रवाल ने उदाहरण पेश करते हुए सेहत विभाग को खुद अपील की कि वह उनकी बेटी का टीकाकरण करे, जिससे सेहत विभाग की टीम ने डोर-टू-डोर मुहिम के तहत घर घर जा कर टीकाकरण किया। अग्रवाल ने समाज को संदेश दिया कि जिस तरह देश वासियों ने इक्ठ्ठे होकर देश में पोलियो को जड़ से खत्म किया है, उसी तरह अब वर्ष 2020 तक खसरा और रूबेला को भी काबू करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह भी बिना किसी डर के इस मुहिम में शामिल हों और अपने बच्चों का टीकाकरण करवाएं।