एसआई और एएसआई लाइन हाजिर
बिजली थैफ्ट पुलिस स्टेशन पर तैनात थे रिश्वत लेने के आरोपी पुलिसकर्मी
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
रिश्वत में पांच हजार रुपये लेने के मामले में बिजली चोरी रोकने वाले पुलिस स्टेशन के एसआई हरदियाल सिंह और एएसआई बलदेव सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। एक मामले से नाम निकालने के लिए रिश्वत मांगे जाने के मामले का खुलासा लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख और विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने किया था। इस मामले संबंधी पीड़ित व्यक्ति विपिन कुमार के बयानों के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विधायक बैंस ने बताया कि मामले में उन्होंने एडीजीपी पीएसपीसीएल के साथ बात। इस पर एडीडीपी ने उन्हें बताया दोनों पुलिस कर्मचारियों को लाइन कर दिया गया है और इस मामले की जांच डीएसपी पीएसपीसीएल लुधियाना कर रहे है और पीड़ित व्यक्ति विपिन कुमार के बयान लेकर इन दोनों पुलिस मुलाजिमों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
विधायक बैंस ने पुलिस विभाग के साथ साथ अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी चेतावनी दी कि वह रिश्वत के बिना ही लोगों के काम करे।लोक इंसाफ पार्टी की पूरी टीम ही भ्रष्ट अधिकारियों पर नजर रख रही है और समय आने पर सभी की पोल खोली जाएगी। बैंस ने कहा कि इस मामले में भी बेशक एसआई और एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया है, लेकिन डीएसपी लुधियाना बसवंत सिंह जांच कर रहे है। उन्होंने कहा कि अगर जांच के दौरान किसी तरह की भी नर्मी बरती गई तो वह डीजीपी पंजाब सहित अदालत का भी दरवाजा खड़का सकते है। बैंस के अनुसार इस मामले कीफुटेज को फेसबुक पर लाइव किया गया। इसके बाद जांच करने या फिर करवाने का तुक नहीं बनता। थाना प्रभारी राजवंत सिंह ने कहा कि दोनों मुलाजिमों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।