एनजीटी ने अवैध माइनिंग वाली जगह का लिया जायजा
श्री आनंदपुर साहिब। दरिया सतलुज में चल रही अवैध माइनिंग के कारण हो रहे नुकसान को लेकर राष्ट्रीय ग्रीन ट्रिब्यूनल और पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड ने बुधवार को माइनिंग वाली जगह का जायजा लिया। ग्रीन ट्रिब्यूनल से गौरव गहलोत और पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड से एक्सइएन सुरिंदर सिंह मठाड़ू और दिनेश कुमार पर आधारित टीम की तरफ से दरिया सतलुज के गांव अगंमपुर और सवाड़ा वाले स्थानों का दौरा किया गया। दौरे दौरान टीम की तरफ से दरिया सतलुज में माइनिंग माफिया की तरफ से की गई खुदाई की जांच की गई और कई स्थानों पर यह खुदाई करीब 23 से 35 फुट नीचे तक मापी गई। जिस संबंध में टीम ने हैरानी जताई और यह आंकड़े नोट किए। दरिया में हुई माइनिंग के साथ यहां करीब एक किलोमीटर लंबे पुल को पैदा हुए खतरे का भी टीम ने जायजा लिया और माइनिंग के कारण पुल की हुई दयनीय हालत पर भी टीम ने चिंता जताई है। पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के एक्सईन सुरिंदर सिंह मठाड़ू ने कहा कि वह माइनिंग विभाग की फाइलों का अध्ययन करने के बाद रिपोर्ट तैयार कर ट्रिब्यूनल को सौंपेंगे। आगे की कार्रवाई करना ट्रिब्यूनल का काम है। दरिया पर बने पुल को किसी तरह के खतरे के बारे में उन्होंने कहा कि यह सब के सामने है और सब साफ नजर आ रहा है। वह विभाग के साथ पुल की बनावट से संबंधित बात करके ही कुछ बता सकते हैं। इस संबंध में उनके साथ ही श्री आनंदपुर साहिब के तहसीलदार गुरजीत सिंह, चौकी इंचार्ज सरबजीत सिंह भी उपस्थित थे।