भाकियू ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जताया रोष
खेतों में बिजली सप्लाई की मांग को लेकर घेरा एक्सईएन ऑफिस
अमर उजाला ब्यूरो
सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर)। भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां ने खेतों में 16 घंटे बिजली सप्लाई देने की मांग को लेकर पावरकॉम के स्थानीय कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उग्राहां ने कहा कि प्रदेश सरकार को किसानों की दिक्कतों से कोई सारोकार नहीं है। भारी चुनौतियों का सामना करके किसान अपनी जिंदगी बसर कर रहे हैं और सरकार, किसानों को बर्बादी की तरफ धकेल रही है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार, खेतों में 16 घंटे बिजली मुहैय्या नहीं करवाएगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष अमरीक सिंह व जिला सचिव दरबारा सिंह ने कहा कि सियासी नेता तो किसानों को बर्बाद करने पर तुले हैं। किसानों के साथ किए वादों को पूरा नहीं किया जा रहा है। कर्ज माफी के लिए किसान तरस रहे हैं। कैप्टन सरकार अपने वादे के मुताबिक किसानों का सारा कर्ज माफ करे और मोदी सरकार भी किसानों से किए वादे पूरे करे। मौके पर जसवंत सिंह, दरबारा सिंह, रामशरण सिंह, सुखपाल सिंह, महिंदर सिंह, अजैब सिंह, गुरमेल सिंह मौजूद थे।
फोटो:11एसजीआरपी01: सुनाम में धरने को संबोधित करते भाकियू एकता उग्राहांके आगू।
--------------------------