किसानों ने किया आज से धान बीजने का एलान
किसान संगठनों ने शनिवार को बारिश होने से हालात बिजाई के अनुकूल बताए
प्रदेश सरकार से बीस जून से बिजाई के फैसले पर रोक लगाने की मांग उठाई
अमर उजाला ब्यूरो
सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर)। किसानों के चेहरे शनिवार को हुई बारिश से खिल उठे हैं। किसानों ने सरकार से मांग की है कि धान की बिजाई का समय बीस जून की जगह दस जून किया जाए। किसान संगठनों का कहना है कि बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त पानी उपलब्ध हो गया है और ऐसे हालात में बिजली व पानी की बचत होगी। किसान संगठनों ने रविवार से धान की बिजाई करने का एलान किया है।
प्रदेश सरकार ने भूजल के गिरते स्तर को बचाने के उद्देश्य से धान की बिजाई बीस जून से शुरू करने आह्वान किया था। कई किसान संगठन पहले से ही सरकार के इस फैसले का विरोध कर रहे थे। भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां समेत भाकियू एकता सिद्धूपुरा ने सरकार से मांग की है कि रविवार से ही धान बिजाई को मंजूरी दी जाए। किसान धान बिजाई के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और रविवार से ही धान बिजाई करेंगे।
भाकियू एकता सिद्धूपुरा के जिला सचिव रण सिंह चट्ठा ने कहा कि शनिवार को हुई बरसात किसानों के लिए वरदान से कम नहीं है। धान की बिजाई के लिए बरसात का पानी पर्याप्त है। किसान धान की बिजाई के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और दस जून से ही धान की बिजाई करेंगे। भाकियू एकता उग्राहां के जिला सचिव दरबारा सिंह ने कहा कि बरसात ने किसानों की ही नहीं बल्कि सरकार की परेशानी को भी दूर कर दिया है। सरकार धान की बिजाई पर लगाई रोक तुरंत हटाए। किसान हर हाल में दस जून ने धान की बिजाई करेंगे। खेतों में पर्याप्त बरसाती पानी होने से बिजाई पर लागत भी कम आएगी। सरकार किसानों को बिजली देने का पुख्ता का प्रबंध करे।