सिटी जगरांव पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। थाना सिटी जगरांव की पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों की मदद से जेल में बंद अपराधियों की जमानत करवाने वाले गिरोह की एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को जगरांव अदालत परिसर के समीप गिरफ्तार किया गया, इनकी पहचान कमलजीत कौर उर्फ गगन वासी मलकपुर जिला मोहाली गुरमीत सिंह उर्फ मीता वासी अगवाड कमोया जिला मोगा और मिंदरजीत सिंह उर्फ दीपू वासी धर्मकोट मोगा के तौर पर हुई है।
उनके कब्जे से जमीन के जाली कागजात, फर्दें और पंचों सरपंचों की जाली मोहर भी बरामद की गई हैं। जगरांव सीआईए स्टाफ के सब इंस्पेक्टर अंग्रेज सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि तीनों आरोपी पंजाब के विभिन्न जिलों में जाकर फर्जी दस्तावेजों की मदद से जालसाजी का धंधा कर रहे हैं। आरोपी जेलों में बंद अपराधियों की जमानत करवाने के लिए जमीन के फर्जी कागजात, फर्दों और पंचों सरपंचों की जाली मोहर का इस्तेमाल करते हैं। इसकी एवज में आरोपी मोटी कीमत लेते हैं, अभी भी तीनों किसी की जमानत करवाने के लिए जगरांव अदालत परिसर के बाहर घूम रहे हैं। पुलिस पार्टी ने उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से जमीन के फर्जी कागजात फर्दें और पंचों सरपंचों की मोहर बरामद की गईं। आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया गया है।