झगड़े के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ी
पुलिस को सूचना दी कि पति ने पत्नी को मौत के घाट उतारा
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस तो महिला थी बेहोश
पूछताछ करने के बाद जांच कर लौटी डिविजन दो की पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। चीमा चौक के पास स्थित विजय नगर इलाके में रहने वाली एक महिला का अपनी पति के साथ झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। इसी दौरान किसी ने पुलिस को गलत सूचना दे दी कि व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। हत्या की सूचना के बाद थाना डिविजन दो और चौकी जनकपुरी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने देखा तो महिला की सांस चल रही थी और वह बेहोश थी। उसके परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने जांच की और महिला बिट्टी को अस्पताल पहुंचवाने में मदद की। पुलिस जांच के बाद वापस लौट आई।
चौकी जनकपुरी के इंचार्ज एएसआई गुरजीत सिंह ने बताया कि भजन मंडली में काम करने वाले रमेश कुमार काला का अपनी पत्नी के साथ घरेलू बातों को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान उसकी पत्नी बिट्टी की तबीयत बिगड़ गई। वह उसे डाक्टर के पास ले गया। जहां डाक्टर ने बिट्टी की हालत को देखते हुए उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया। मगर पैसे न होने के कारण रमेश बिट्टी को घर ले आया। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि रमेश ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो रमेश अपनी पत्नी के इलाज के लिए पैसे का इंतजाम करने के बाद अस्पताल ले जाने की तैयारी में था। एएसआई गुरजीत सिंह नेबताया कि पुलिस ने रमेश और उसके परिवार वालों से पूछताछ करने के बाद बिट्टी को अस्पताल में दाखिल करवाया है। जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। किसी ने पुलिस को गलत सूचना दे दी थी।