आशु को मंत्रिमंडल से बाहर करने की मांग
आप नेताओं ने धरना देकर डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा मांगपत्र
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। होम्स मामले में कांग्रेसी मंत्री भारत भूषण आशु की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को आम आदमी पार्टी के जोन इंचार्ज गुरदित्त सिंह सेखों की अगुवाई में मिनी सचिवालय के समक्ष धरना दिया गया।
धरने के बाद डीसी के माध्यम से सीएम को एक मांग पत्र भेजा गया है। इसमें आशु को मंत्रि मंडल से तुरंत बर्खास्त करने, आत्म नगर (लुधियाना) से कांग्रेसी उम्मीदवार रहे कमलजीत सिंह कड़वल सहित तीन उच्चाधिकारियों के विरुद्ध मामला दर्ज करने की मांग की है। आप जिला प्रधान भोला ग्रेवाल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रधान राहुल गांधी की तरफ से पंजाब और देश की जनता के साथ भ्रष्टाचार प्रति जीरो सहनशीलता के वादे को पूरा करते हुए मंत्री को बर्खास्त करके सभी दोषियों पर सख्त कार्यवाही की जाए। सेखों ने कहा कि घोटाले का पर्दाफाश होने के इतने दिनों बाद भी कोई कार्रवाई न करना कांग्रेस सरकार की पोल खोल रही है। इस मौके अहबाब सिंह ग्रेवाल, सुरेश गोयल, रणजीत सिंह धमोट, हरनेक सेखों, अमन मोही, रवीन्द्र पाल सिंह पाली, जीवन सिंह, पुनीत साहनी मौजूद थे।