अनोखा प्रदर्शन: नामांकन रद्द होने पर विरोधियों के खिलाफ बांटे लड्डू
फतेहगढ़ साहिब के गांव लटौर के वार्ड नंबर सात में हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब। जिला प्रशासन द्वारा पंच-सरपंच के उम्मीदवारों के कागजात रद्द करने के बाद रोष में आए दावेदारों ने अनोखा प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रशासन द्वारा कागजात रद्द किए जाने पर लड्डू बांटकर खुशी मनाई गई। यह वाकया गांव लटौर के वार्ड-7 में हुआ, जहां पंच के लिए मैदान में उतरे कमलजीत सिंह को एनओसी देने के बाद भी प्रशासन की तरफ से कागज रद्द कर दिए गए थे। ग्रामीणों ने पहले सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की, दूसरी तरफ कागज रद्द होने के रोष में लड्डू बांटे।
वार्ड 7 से उम्मीदवार कमलजीत सिंह, जसवीर सिंह और भूपिंदर सिंह ने बताया कि उनके वार्ड की जनरल सीट से पंच के लिए कागज दाखिल किए थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने यह कहकर उनके कागजात रद्द कर दिए कि उनके पास नाजायज कब्जा है। समिति पटवारी की तरफ से नाजायज कब्जा न होने की रिपोर्ट भी दी गई, उसके बाद बीडीपीओ सरहिंद की तरफ से एनओसी सर्टिफिकेट जारी किया गया। फिर भी उनके कागजात रद्द किए गए। आरोप है कि यह सब कुछ विरोधियों के कहने पर हुआ। इसके अलावा पंचायत सचिव, प्रबंधक, पंचायत अफसर, एपीओ और समिति पटवारी ने नाजायज कब्जा न होने की रिपोर्ट दी थी जिसके आधार पर ही उन्हें ग्रामीण विकास और पंचायत अफसर से सर्टिफिकेट जारी किया गया। फिर भी उनके कागजात रद्द कर दिए गए। उन्होंने कहा कि हमारे कागज रद्द करवाकर विरोधियों ने हार कबूल ली है। जिस कारण वार्ड के लोगों ने धक्केशाही के विरुद्ध लड्डू बांट कर खुशी मनाई है। हम इसे अपनी जीत मानते हैं। ब्लाक विकास और पंचायत अफसर सरहिंद महिंदरजीत सिंह का कहना है कि उन्होंने पंचायत सचिव, प्रबंधक, पंचायत अफशर, एपीओ और समिति पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर ही कब्जा न होने की रिपोर्ट दी है। बाद में क्या एतराज आया है इस बारे उन्हें कुछ नहीं पता। आरओ मनदीप सिंह ने कहा कि एतराज किए जाने पर विभाग से ही रिपोर्ट करवाई है, रिपोर्ट में नाजायज कब्जा होना पाया गया, जिस कारण उक्त लोगों के कागजात रद्द हुए।
फोटो-1
फोटो-2
फोटो कैप्शन: 23जीबीजीपी01- फतेहगढ़ साहिब के गांव लटौर में नामांकन पत्र रद्द होने पर विरोधियों के खिलाफ लड्डू बांटते हुए गांववासी।