स्वतंत्रता दिवस पर लुधियाना को 3600 करोड़ के विकास प्रोजेक्ट का तोहफा
मुख्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण, नहरी पानी की आपूर्ति के प्रोजेक्ट के लिए 1469 करोड़ रुपये का एलान
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। स्वतंत्रता दिवस के राजस्तरीय समारोह में मुख्य मेहमान के तौर पर पहुंचे मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जल आपूर्ति, उद्योगों, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए लुधियाना के लिए 3600 करोड़ रुपये के प्रोजेक्टों का ऐलान किया। गुरु नानक स्टेडियम में 72वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा लहराने के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने लुधियाना में मौजूदा समय आपूर्ति किए जा रहे भूजल के बजाय 24 घंटे नहरी जल की आपूर्ति मुहैया कराने के प्रोजेक्ट के लिए 1469 करोड़ रुपये का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों संबंधी विभाग द्वारा इस प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है और बाहरी फंडों के लिए विश्व बैंक/एडी बैंक को भेजा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हलवारा में भारतीय हवाई सेना के स्टेशन पर सिविल इनक्लेव की स्थापना के लिए भी मंजूरी हासिल हो गई है और राज्य सरकार इस मसले में भारत सरकार से पैरवी कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लुधियाना में स्थापित की जाने वाली अति-आधुनिक साइकिल वैली के हिस्से के तौर पर हीरो साइकिल पार्क के विकास के लिए 350 करोड़ रुपये रखे गए हैं जबकि ओसवाल इंटेग्रेटेड बिजनेस पार्क के लिए भी और 250 करोड़ रुपये का उपबंध किया गया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लुधियाना नगर निगम में आते सात विधानसभा हलकों के लिए एक-एक करोड़ रुपए का विकास अनुदान देने का भी एलान किया।