शिरोमणि कमेटी को लौटाई तीन करोड़ की विवादित जमीन
मंडी गोबिंदगढ़। जीटी रोड कुक्कड़ माजरा इलाके स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब की करीब 29 बीघा जमीन 36 साल बाद शुक्रवार को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को लौटा दी गई। इस पर शिअद के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व एसजीपीसी सदस्य जस्सा सिंह आहलुवालिया का कब्जा था। आहलुवालिया ने एक लिखित अर्जी एसजीपीसी कमेटी के प्रमुख सचिव डॉ. रूप सिंह को सौंप इस जमीन से अपना कब्जा वापस ले लिया है। पत्र में इस जमीन का बकाया किराया देने को भी लिखा गया। इस जमीन की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है। इस जमीन का पिछले 11 वर्षों से किराया नहीं भरा जा रहा था और कमेटी ने मालिक पर किराए न देने को लेकर कोर्ट में केस किया हुआ था। डॉ. रूप सिंह ने कहा कि इस जमीन पर कमेटी अपने आर्किटेक्टों की मदद से गुरुघर के हित के लिए मास्टर प्लान तैयार करवाया जाएगा। वहीं जस्सा सिंह आहलुवालिया ने बताया कि 1982 से उन्होंने एक बीघा जमीन को कमेटी से किराए पर लिया था, वह यहां अपना कारोबार करते थे। अब पिछले काफी समय से वह गोदाम खाली था। गुरू घर की जमीन लौटा रहा हूं और इसका बकाया किराया भी मैं ही अदा करूंगा। इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल हलका अमलोह के इंचार्ज गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन:27जीबीजीपी04: मंडी गोबिंदगढ़ में एसजीपीसी के प्रमुख सचिव डा रूप सिंह को 3 करोड़ की जमीन लौटाने संबंधी पत्र सौंपते जस्सा सिंह आहलुवालिया व मौजूद करनैल सिंह पंजोली, गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना व अन्य।