प्लाइवुड फैक्टरी में लगी भीषण आग
करीब 35 दमकल गाड़ियों ने चार घंटे बाद आग पर पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
फोकल प्वाइंट स्थित ईस्टमैन चौक के पास राधा प्लाइवुड फैक्टरी में रविवार की तड़के करीब साढ़े तीन बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रुप धारण कर लिया। आग की लपटे दूर दूर तक दिखाई दे रही था। आग लगने के कारण फैक्टरी के ऊपर लगी सीमेंट की चादर टूट कर गिर गई। फायर ब्रिगेड की करीब 35 गाड़ियों आग पर करीब चार घंटे बाद काबू पाया गया। आग लगने का कारण पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो सका।
फैक्टरी मालिक अनुराग के अनुसार उनकी फैक्टरी में प्लाई तैयार होती है। शनिवार की देर रात को वह फैक्टरी बंद कर घर चले गए। रविवार की सुबह साढ़े तीन बजे अचानक फैक्टरी में आग लग गई। आसपास के लोगों ने देख कर शोर मचाया। उन्होंने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हुए। सूचना मिलने पर फैक्टरी मुलाजिम भी पहुंचे और उन्होंने आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग किसी के काबू में नहीं आ रही थी। इसी दौरान किसी ने इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। फायर अफसर श्रीष्टि नाथ ने बताया कि आग भीषण थी। सीमेंट की शीटें भी नीचे गिर गई थी। करीब 35 दमकल गाड़ियों ने आग पर पानी डाला। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं फैक्टरी मालिक ने बताया अग्निकांड में उसका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।