प्रदेश सरकार व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के खिलाफ प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी वर्करों का प्रदर्शन वीरवार को भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी अब सरकार व मंत्रियों का पुतला फूंकने के लिए सड़कों से हटकर श्मशान घाट का रुख करने लगे हैं। इसी कड़ी के तहत आंगनबाड़ी वर्करों ने सूबे के वित्तमंत्री मनप्रीत बादल का बीबी वाला रोड स्थित एक श्मशान घाट में पुतला फूंककर नारेबाजी की ।
ऑल पंजाब आंगनबाड़ी यूनियन अध्यक्ष हरगोबिंद कौर ने बताया कि सरकार चाहे तो उनका धरना-प्रदर्शन समाप्त करवा सकती है लेकिन सरकार की नीयत में खोट है। इससे वर्करों व हेल्परों को अपनी मांगों को लेकर घर बार छोड़ सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उनका कहना था कि वर्कर व हेल्पर पहले तो सड़कों पर वित्तमंत्री का पुतला फूंकते थे लेकिन अब उन्हाेंने श्मशान घाट का रुख करना शुरू कर दिया है। महिला अध्यक्ष ने कहा कि 18 मार्च को सांसद सुनील जाखड़ के पैतृक गांव पांच कोठी में जाखड़ का विरोध किया जाएगा और 26 मार्च को विधान सभा सेशन के दौरान विधान सभा का घेराव किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने उनके विरोध प्रदर्शन को रोकने का प्रयास किया तो डटकर विरोध किया जाएगा चाहे उस दिन उन्हें अपनी मांगों के लिए जान की बाजी क्यों न लगानी पडे़।