अकाली नेता की फैक्टरी में हादसा, मजदूर की मौत
- छत से गिर घायल हुआ था बिहार निवासी मजदूर
- सीएमसी अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
अकाली दल के नेता और पार्षद पद का चुनाव लड़ चुके डॉ. अश्वनी पासी की डाइंग फैक्टरी में काम करते समय दो दिन पहले हुए हादसे में 20 वर्षीय मजदूर मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था। शनिवार को उपचार के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। हादसा छत से गिरने के कारण हुआ था। पुलिस को किसी तरह सूचना दिए बगैर ही फैक्टरी मालिक ने उसे इलाज के लिए सीएमसी अस्पताल दाखिल कराया था। मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद चौकी टिब्बा रोड की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बिहार में रहने वाले मनीष के परिजनों को इसकी जानकारी दी है। पुलिस ने जांच के बाद मनीष का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस अब उसके परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।
जांच अधिकारी दविंदर सिंह ने कहा कि मनीष कुमार मूल रुप से बिहार के जिला समस्तीपुर के गांव ऊटापट्टी का रहने वाला था। यहां पर वह डॉ. अश्वनी पासी की लवली डाइंग में काम करता था और पास में ही रहता था। दो दिन पहले काम करते समय वह फैक्टरी की छत से गिरकर बुरी तरह से घायल हो गया।