तीन पार्किंग ठेके रद्द करने की सिफारिश
निगम के ज्वाइंट कमिश्नर की जांच में सामने आए था ओवरचार्जिंग का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पब्लिक पार्किंग में ओवर चार्जिंग के मामले में आखिरकार तीन ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। सोमवार को निगम कमिश्नर ने शहर में चल रही तीन पार्किंग साइट का ठेका रद्द करने की सिफारिश की है। ठेका रद्द करने संबंधी प्रस्ताव को अब फाइनेंस एंड कांट्रेक्ट कमेटी (एफएंडसीसी। के पास अंतिम मोहर लगाने के लिए भेजा जाएगा। यहां से प्रस्ताव पारित होने के बाद ठेका रद्द होगा। इसके बाद निगम दोबारा इन पार्किंग साइट को नीलाम करेगा।
निगम ने फिरोजगांधी मार्केट, माल रोड और भदौड़ हाउस में तीन पार्किंग साइट को ठेके पर दिया था। पार्किंग में दो पहिया वाहन पर 10, कार के लिए 20 रुपये पार्किंग शुल्क का तय किया गया था। कुछ समय बाद दो पहिया वाहन चालकों से 20 तो कार चालकों से 30 रुपये वसूल किए जाने लगे थे। ठेका अलाट करते समय यह शर्त रखी गई थी कि पार्किंग में पब्लिक को बताने के लिए रेट सूचना बोर्ड जरूर लगाए जाएं। ठेकेदारों ने इस नियम की परवाह भी नहीं की। आखिरकार पब्लिक की शिकायतों देखते बीते सप्ताह निगम के ज्वाइंट कमिश्नर खुद प्राइवेट गाड़ी में जांच के लिए निकले। ठेकेदार के कारिंदे ने उनसे भी ओवर चार्जिंग की। इस मामले की रिपोर्ट बनाकर निगम कमिश्नर के पास भेजी गई थी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते तीन ठेकों को रद्द करने की सिफारिश की गई है।
पब्लिक से हो रही लूट को देखते निगम कमिश्नर ने तीन पार्किंग ठेकों को रद्द करने की सिफारिश की है। यह प्रस्ताव अब एफएंडसीसी के पास आएगा। वहां पर प्रस्ताव पारित कर इन ठेकों को रद्द कर दिया जाएगा। - बलकार संधू, मेयर