12 किमी दूर तीन दिन बाद बुड्ढे नाले से मिला एक का शव
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने देर शाम कर दिया भोला का अंतिम संस्कार
नाले में डूबे नरेश का अभी तक नहीं चला कुछ पता, परिजन परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। प्लास्टिक की बोतल निकालने के दौरान गांव तलवाड़ा से गुजरने वाले बुड्ढे नाले में गिरे युवक भोला (15) का शव तीन दिन बाद 12 किलोमीटर दूर गांव खैहरा बेट के पास मिला। शव किसी ओर ने नहीं बल्कि भोला के रिश्तेदारों ने ही बाहर निकाला वह कूड़े के ढेर पर अटका पड़ा था। शव निकाल कर उन्होंने ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना पीएयू की पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद पोस्टमार्टम करा शव वारिसों के हवाले कर दिया। जिन्होंने बुधवार देर शाम भोला का अंतिम संस्कार कर दिया है। अब पुलिस नरेश की तलाश में है।
गांव तलवाड़ा के आस-पास तीन दिन तक भोला और नरेश के परिजन उनका पता लगाने में जुटे रहे। बुधवार की सुबह भोला के चार रिश्तेदार नाले के किनारे किनारे ही 12 किलोमीटर दूर गांव खैहरा बेट के पास पहुंच गए। जहां कुछ लोग जेसीबी की मदद से नाले की सफाई कर रहे थे। वहां पर कूड़े के ढेर पर भोला का शव देख उन्होंने शोर मचाया। उसके बाद भी कोई नाले में नहीं गया तो वह खुद ही नाले में घुस गए और शव बाहर निकाल लाए। भोला और नरेश के रिश्तेदारों का कहना है कि नरेशा का अगर कल तक कुछ पता न चला तो वह उसकी फोटो से ही उसका अंतिम संस्कार कर देंगे। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मनजिंदर कौर ने बताया कि बोला का शव बुधवार की दोपहर को मिल गया था। नरेश का पता लगाया जा रहा है। उसका भी जल्द ही पता लगा लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कूड़ा बींदते हुए भोला, नरेश और उनके दो साथी गांव तलवाड़ा में कूड़े के ढेर पर चले गए थे। इसी दौरान पानी के तेज बहाव के चलते वह नीचे गिर गए। दो युवक तो बाल बाल बच गए थे। जबकि भोला और नरेश के परिजन तीन दिन से ही उनका पता लगाने में जुटे हुए थे। गोताखोरों ने भी लगातार उनकी तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला था।