मालेरकोटला में सेहत विभाग ने की छापामारी
केमिकल से पकाए जा रहे आम, मिठाई और बेसन के सैंपल भी लिए
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। वीरवार मालेरकोटला स्थित सब्जी मंडी और कुछ विक्रेताओं पर सेहत विभाग की टीम ने छापामारी करके पकाए जा रहे आम, मिठाई और बेसन के सैंपल भरकर जांच के लिए भेजे हैं।
डिप्टी कमिश्नर घनश्याम थोरी ने बताया कि राज्य सरकार मिलावट खोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिसके तहत जिला संगरूर की विभिन्न सब डिवीजनों में छापामारी अभियान चलाया गया है। कोई खामी पाए जाने पर फूड सेफ्टी एक्ट के प्रावधानों तहत कार्रवाई की जाएगी।
इस छापामारी टीम का नेतृत्व मालेरकोटला एसडीएम प्रीती यादव ने किया और सेहत विभाग के सहायक कमिश्नर रविंदर गर्ग ने मालेरकोटला सब्जी मंडी में पकाए जा रहे आम का नमूना लिया। जबकि शहर में स्थित मिठाई की एक दुकान से चमचम के दो, चटनी, तरल ग्लूकोज, भूना हुआ बेसन और स्किमड मिल्क पाउडर के सैंपल भरकर जांच के लिए भेजे।