संवाद न्यूज़ एजेंसी
बठिंडा। बठिंडा कैंट में एक लेफ्टिनेंट कर्नल के घर से लाखों रुपये के सोने और चांदी के गहने चोरी हो गए। इस मामले में सेवानिवृत्त लांस नायक बिक्रमजीत सिंह पर चोरी का आरोप लगा है।
पुलिस ने बिक्रमजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बिक्रमजीत सिंह गांव गग्गर भाना, जिला अमृतसर का निवासी है। वह लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव गोपीनाथ के बठिंडा कैंट स्थित आवास पर लंबे समय से काम कर रहा था। सेवानिवृत्त होने के बाद भी बिक्रमजीत सिंह सैन्य अधिकारी के घर में ही रह रहा था। आरोप है कि गौरव गोपीनाथ की गैरमौजूदगी में बिक्रमजीत सिंह ने यह वारदात की। वह घर से करीब 20 तोले सोने और 30 तोले चांदी के गहने लेकर फरार हो गया। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा। चोरी हुए गहने भी बरामद किए जाएंगे।