लुधियाना के सबसे व्यस्त माने जाने वाले गिल रोड स्थित इंडसइंड बैंक के बाहर मंगलवार दिनदहाड़े बाइक सवार तीन लुटेरों ने एक बुजुर्ग से पिस्तौल के बल 2.80 लाख रुपये लूट लिए। बैंक के सुरक्षा गार्ड ने लुटेरों का पीछा करने की कोशिश की। तीनों लुटेरे मौके से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गया। थाना डिवीजन नंबर छह पुलिस ने मौके पर पहुंच सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस को पीड़ित बुजुर्ग कुलजीत सिंह फाइन बियरिंग कंपनी में काम करते हैं। मंगलवार की सुबह लगभग 11.30 बजे गिल रोड स्थित इंडसइंड बैंक में नकदी जमा करवाने जा रहे थे। इस दौरान दो मोटरसाइकिल पर तीन युवक उनका पीछा कर रहे थे। वह बैंक में जाने के लिए बेसमेंट की सीढ़ियां उतर रहे थे। इसी बीच एक युवक ने उन्हें धक्का दिया और पिस्तौल दिखाकर हाथ से नकदी छीनकर फरार हो गया।
बकौल कुलजीत सिंह उसने शोर मचाया। बैंक की सुरक्षा में तैनात गार्ड भी बाहर की तरफ दौड़ा। उस समय तक आरोपी मोटरसाइकिल पर फरार हो चुके थे। उधर थाना डिवीजन नंबर छह प्रभारी अमनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी कैमरा की फुटेज को खंगाल रही है। आसपास के एरिया में भी नाकाबंदी कर चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग के बयान दर्जकर लिए है। जल्द ही आोरपियों को काबू कर लिया जाएगा।